राजस्थान RERA ने जयपुर के दो रियल एस्टेट प्रोजेक्ट किए टेकओवर, दावेदारों से मांगी आपत्तियां
जयपुर। राजस्थान रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (RERA) ने रियल एस्टेट (रेगुलेशन एंड डेवलपमेंट) एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए जयपुर के सांगानेर क्षेत्र में स्थित Atmosphere Grand-I और Atmosphere Grand-II प्रोजेक्ट को प्रमोटर से अपने नियंत्रण में लेने की सार्वजनिक सूचना जारी की है। सूचना 14 अगस्त 2026 की है।
सार्वजनिक सूचना के अनुसार प्रमोटर समन्वय इन्फ्राबिल्ड एलएलपी के दोनों प्रोजेक्ट—Atmosphere Grand-I, Plot No. 1128 तथा Atmosphere Grand-II, Plot No. 1129, SEZ (Settlement) Scheme, Village Paldi Parsa, Tehsil Sanganer, Jaipur—को RERA अधिनियम की धारा 8 के तहत टेकओवर किया गया है।
RERA ने बताया है कि इन प्रोजेक्टों के संबंध में अभी तक किसी हितधारक की ओर से आपत्ति अथवा दावा प्रस्तुत नहीं किया गया है। प्राधिकरण ने आमजन, हितधारकों, बैंकों, वित्तीय संस्थानों अथवा अन्य संबंधित संस्थाओं से कहा है कि यदि उनका कोई दावा, हक या हित है तो वे सार्वजनिक सूचना के प्रकाशन से 15 दिन के भीतर संबंधित दस्तावेजों एवं साक्ष्यों के साथ RERA कार्यालय में लिखित आपत्ति दर्ज कराएं।
निर्धारित अवधि में कोई दावा या आपत्ति प्राप्त नहीं होने पर राजस्थान RERA उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा।
