केंद्र सरकार 14 अगस्त को ₹32,000 करोड़ की सरकारी प्रतिभूतियों की करेगी नीलामी
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने ₹32,000 करोड़ की सरकारी प्रतिभूतियों की बिक्री एवं पुनर्निर्गम के लिए 14 अगस्त 2026 को नीलामी आयोजित करने की घोषणा की है। भारतीय रिजर्व बैंक ने 13 अगस्त को इसकी जानकारी जारी की।
नीलामी में नई सरकारी प्रतिभूति 2029 के ₹11,000 करोड़, नई सरकारी प्रतिभूति 2033 के ₹11,000 करोड़, 7.24 प्रतिशत सरकारी प्रतिभूति 2055 के ₹5,000 करोड़ तथा 7.50 प्रतिशत भारत सरकार सॉवरेन ग्रीन बॉन्ड 2056 के ₹5,000 करोड़ शामिल होंगे।
इन प्रतिभूतियों के लिए अंडरराइटिंग नीलामी बहु-मूल्य आधारित पद्धति से होगी। प्राथमिक डीलर 14 अगस्त को सुबह 9 बजे से 9:30 बजे तक भारतीय रिजर्व बैंक की ई-कुबेर प्रणाली के माध्यम से बोलियां प्रस्तुत कर सकेंगे। अंडरराइटिंग कमीशन संबंधित प्राथमिक डीलरों के आरबीआई स्थित चालू खातों में प्रतिभूतियां जारी होने के दिन जमा किया जाएगा।
