ब्रेकिंग न्यूज़
वित्त एवं व्यापार जगत

वरिष्ठ अधिकारी बनकर आ रहे फर्जी संदेशों से रहें सतर्क, एचडीएफसी बैंक ने किया आगाह

प्रकाशित: 13 August 2026, 3:38 pm

मुंबई। एचडीएफसी बैंक ने ग्राहकों और कंपनियों को साइबर अपराध के एक तरीके ‘बॉस स्कैम’ को लेकर सावधानी बरतने को कहा है। इस तरह की धोखाधड़ी में अपराधी किसी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी की पहचान की नकल कर कर्मचारियों को संदेश भेजते हैं और उनसे तत्काल भुगतान करने या गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए कहते हैं।

धोखेबाज सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप के जरिए वरिष्ठ अधिकारी के नाम या पहचान का इस्तेमाल कर भरोसा कायम करने की कोशिश करते हैं। कई बार अनुपालन या सुरक्षा से संबंधित दस्तावेज बताकर फर्जी फाइल भेजी जाती है। ऐसी फाइल खोलने पर मोबाइल या अन्य उपकरण में हानिकारक सॉफ्टवेयर स्थापित होने का खतरा रहता है, जिसके जरिए अपराधी खाते या संवेदनशील जानकारी तक पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं।

एचडीएफसी बैंक के वरिष्ठ कार्यकारी उपाध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के मामलों में विशेष सतर्कता जरूरी है। किसी वरिष्ठ अधिकारी के नाम से अचानक धन हस्तांतरण का निर्देश मिलने पर तत्काल भुगतान करने के बजाय उसकी पुष्टि किसी अन्य विश्वसनीय माध्यम से की जानी चाहिए।

बैंक ने सलाह दी है कि संदिग्ध लिंक या फाइल न खोलें, भुगतान से पहले निर्देश देने वाले व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करें और असामान्य अथवा तत्काल धन हस्तांतरण की मांग को बिना सत्यापन स्वीकार न करें। ऐसी सावधानी कंपनियों और कर्मचारियों को इस प्रकार की साइबर धोखाधड़ी से बचाने में महत्वपूर्ण हो सकती है।