प्रमुख स्थानीय समाचार
नगर परिषद चुनाव के लिए मतदान दल रवाना, 44 केंद्रों पर कल होगा मतदान
जालोर नगर परिषद के 40 वार्डों में बुधवार, 9 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान दलों को चुनाव सामग्री के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। शहर में 40 मुख्य और चार सहायक सहित कुल 44 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, ईवीएम की सुरक्षा, मॉक पोल तथा आदर्श आचार संहिता के पालन पर सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। वार्ड संख्या 38, 39 और 40 सहित अधिक मतदाता संख्या वाले स्थानों पर सहायक मतदान केंद्र की व्यवस्था की गई है। मतदाताओं से निर्भय होकर मतदान करने और मतदान केंद्र पर पहचान संबंधी निर्धारित दस्तावेज साथ लाने की अपील की गई है।
खरीफ फसलें सूखने लगीं, सरपंच संघ ने गिरदावरी और अकाल घोषित करने की मांग उठाई
जालोर जिले में बारिश की कमी से खरीफ फसलों को हो रहे नुकसान को लेकर जिला सरपंच संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। संघ ने प्रभावित खेतों की तत्काल गिरदावरी शुरू कराने और वास्तविक फसल खराबे का आकलन करवाकर जिले को अकालग्रस्त घोषित करने की मांग रखी है।
ज्ञापन में बताया गया कि जालोर, आहोर, सायला, भीनमाल, रानीवाड़ा, बागोड़ा, चितलवाना और सांचौर क्षेत्र में बाजरा, मूंग, तिल, ग्वार, अरंडी, सोनामुखी तथा मूंगफली सहित विभिन्न फसलों की बुवाई हुई थी। शुरुआती बारिश से फसलों की बढ़वार अच्छी हुई, लेकिन इसके बाद पर्याप्त वर्षा नहीं होने से खेतों की नमी समाप्त हो गई और फसलें सूखने लगीं। सरपंच संघ ने प्रशासन से शीघ्र सर्वे कराकर किसानों के हित में राहत संबंधी प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग की है।
