ब्रेकिंग न्यूज़
मारवाड़ एवं स्थानीय समाचार

आरपीएससी परीक्षा में नौवीं रैंक हासिल कर डॉ. अनीषा तंवर ने बढ़ाया क्षेत्र का मान

प्रकाशित: 23 September 2026, 4:40 am

लक्ष्मणगढ,

मेडिकल बायोकेमिस्ट पद पर चयन, चिकित्सा शिक्षा विभाग में देंगी सेवाएँ

शेखावाटी अंचल के चूरू जिले के रतननगर कस्बे की डॉ. अनीषा तंवर ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की ओर से मेडिकल बायोकेमिस्ट पद के लिए आयोजित परीक्षा में प्रदेश में नौवीं रैंक हासिल कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। उनका चयन चिकित्सा शिक्षा विभाग में मेडिकल बायोकेमिस्ट पद पर हुआ है।

डॉ. अनीषा तंवर गणपति एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर लायन मंगतूराम तंवर की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर परिवार के साथ रतननगर एवं पूरे शेखावाटी क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।

इससे पूर्व डॉ. अनीषा तंवर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), जोधपुर तथा गीतांजलि मेडिकल कॉलेज, उदयपुर में अपनी सेवाएँ दे चुकी हैं। उनके अनुभव और योग्यता का लाभ अब चिकित्सा शिक्षा विभाग को मिलेगा।

डॉ. अनीषा ने अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, परिवार के सहयोग और निरंतर कड़ी मेहनत को दिया है। उनकी उपलब्धि पर शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, गणमान्य नागरिकों, शुभचिंतकों और परिचितों ने तंवर परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।