ब्रेकिंग न्यूज़
मारवाड़ एवं स्थानीय समाचार

जालोर में खेल दिवस पर क्रीड़ा भारती द्वारा एथलेटिक्स और बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन, मेजर ध्यानचंद को किया याद

प्रकाशित: 30 August 2026, 9:43 am

जालोर, 30 अगस्त।

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर क्रीड़ा भारती जालोर द्वारा स्थानीय भगतसिंह क्रीड़ा स्थल पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एथलेटिक्स एवं बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें क्रीड़ा भारती केंद्र के खिलाड़ियों ने जोश और उत्साह के साथ भाग लिया।

खिलाड़ियों को किया संबोधित

कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती के जिला अध्यक्ष नाथू सोलंकी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि “मेजर ध्यानचंद जी ने हॉकी में भारत को विश्व में पहचान दिलाई। उनका जीवन अनुशासन, अभ्यास और देशभक्ति का प्रतीक है। आज के युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। खेल केवल मेडल नहीं, चरित्र भी बनाता है। क्रीड़ा भारती के जिला मंत्री भागीरथ गर्ग ने बताया कि 29 अगस्त को खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी उपलक्ष्य में क्रीड़ा भारती हर वर्ष विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन करती है। इस वर्ष एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, लंबी कूद तथा बॉक्सिंग में विभिन्न वेट कैटेगरी में मुकाबले करवाए गए।

विजेता खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बालक-बालिकाओं ने अपने-अपने वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। वहीं बॉक्सिंग रिंग में युवा मुक्केबाजों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दर्शकों ने तालियों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। सभी विजेता खिलाड़ियों को क्रीड़ा भारती द्वारा मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर क्रीड़ा भारती के कोषाध्यक्ष मंगल सिंह बालोत, उपाध्यक्ष जबरसिंह देवड़ा, ओमप्रकाश आर्य, किरण सिंह, जोगाराम मीणा, ओमप्रकाश गर्ग पारस पारिख सुरेश विराश सहित क्रीड़ा भारती के कई पदाधिकारी, कोच और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।जिला अध्यक्ष नाथू सोलंकी ने अंत में सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि क्रीड़ा भारती का लक्ष्य है कि जालोर के हर गांव-ढाणी से प्रतिभा निकलकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करे।