लोकतंत्र के लिए संग्राम: CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर अड़ा विपक्ष, सुप्रीम कोर्ट तक निकाला ‘मार्च फॉर डेमोक्रेसी’
नई दिल्ली
देश की राजधानी दिल्ली में राजनीतिक हलचल अपने चरम पर पहुंच गई है। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (INDIA) के दिग्गज नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को तुरंत रोकने की मांग को लेकर संसद मार्ग से सर्वोच्च न्यायालय की ओर ‘मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ निकाला। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव और शिवसेना (यूबीटी) के संजय राउत समेत कई प्रमुख विपक्षी दलों के नेताओं ने इस विरोध मार्च की अगुवाई की।
वोट चोरी’ और SIR प्रक्रिया रोकने की प्रमुख मांग
विपक्षी दलों का आरोप है कि चुनाव आयोग द्वारा चलाई जा रही मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) के तहत बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को अपने पद से तुरंत इस्तीफा देना चाहिए और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया बहाल होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक दल की नहीं, बल्कि देश के संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए है।
भगवान दास रोड पर सुरक्षाबल तैनात, बैरिकेडिंग लगाकर रोका मार्च
संविधान क्लब से शुरू हुआ यह पैदल मार्च जैसे ही सुप्रीम कोर्ट की तरफ बढ़ा, दिल्ली पुलिस और सुरक्षा बलों ने भगवान दास रोड जंक्शन पर भारी बैरिकेडिंग लगाकर नेताओं व कार्यकर्ताओं को रोक दिया। मार्च रोके जाने के बाद राहुल गांधी और अखिलेश यादव सुरक्षा बलों के घेरे के बीच एक वाहन के ऊपर चढ़े और वहीं से मौजूद समर्थकों को संबोधित किया। इस दौरान लुटियंस दिल्ली के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही और कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक बाधित रहा।
सुप्रीम कोर्ट में 11 विपक्षी नेताओं की संयुक्त याचिका
सड़कों पर प्रदर्शन के साथ-साथ विपक्षी दलों ने इस मुद्दे को शीर्ष अदालत के समक्ष भी उठाया है। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव सहित 11 शीर्ष विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में एक संयुक्त याचिका दाखिल की है। इस याचिका में SIR प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने की मांग की गई है।
