मारवाड़ एवं स्थानीय समाचार

माली समाज की प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन, ऑनलाइन परीक्षा 18 अक्टूबर को

प्रकाशित: 7 October 2026, 6:10 pm

धापुदेवी डायाजी सुंदेशा की स्मृति में आयोजन; चयनित विद्यार्थियों की ऑफलाइन परीक्षा 20 दिसंबर को जालोर में

जालोर। माली समाज के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से धापुदेवी डायाजी सुंदेशा की स्मृति में जिला स्तरीय प्रतिभा प्रोत्साहन परीक्षा–2026 आयोजित की जाएगी। आयोजक धाड़ा परिवार की ओर से जारी सूचना के अनुसार ऑनलाइन परीक्षा 18 अक्टूबर को सुबह 10 बजे होगी। इसमें सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 100 परीक्षार्थी ऑफलाइन परीक्षा के लिए चयनित होंगे। ऑफलाइन परीक्षा 20 दिसंबर को जालोर जिला मुख्यालय पर आयोजित होगी।

परीक्षा में जूनियर वर्ग में कक्षा 10 तक और सीनियर वर्ग में कक्षा 10 से ऊपर के विद्यार्थी शामिल होंगे। ऑनलाइन परीक्षा में 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न हल करने के लिए 20 मिनट मिलेंगे। प्रत्येक सही उत्तर पर तीन अंक तथा गलत उत्तर पर एक अंक की कटौती होगी। ऑनलाइन परीक्षा का पाठ्यक्रम CET सीनियर वर्ग का रहेगा, जिसमें हिंदी, अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान-विज्ञान, मानसिक योग्यता और गणित के प्रश्न होंगे। ऑफलाइन परीक्षा में CET, रीजनिंग, समसामयिक सामान्य ज्ञान, गणित, सामान्य हिंदी, अंग्रेजी और सामान्य ज्ञान-विज्ञान शामिल होंगे।

ऑफलाइन परीक्षा के दोनों वर्गों में बालक और बालिकाओं को अलग-अलग प्रथम पुरस्कार 2,100 रुपये, द्वितीय 1,500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 1,100 रुपये दिए जाएंगे। दोनों वर्गों के शेष शीर्ष पांच-पांच प्रतिभागियों को 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। सभी ऑफलाइन परीक्षार्थियों को सामान्य ज्ञान की पुस्तक उपहार में दी जाएगी।

ऑनलाइन परीक्षा के लिंक पर अभी मॉक अभ्यास किया जा सकता है। विस्तृत जानकारी के लिए 9460315954, 9413657255 और 9001322450 पर संपर्क किया जा सकता है।

परीक्षा एवं मॉक अभ्यास लिंक: https://url.jayhoo.in/dkunj.html