मारवाड़ एवं स्थानीय समाचार

जालोर की सुभी चौधरी ने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी थांग-ता प्रतियोगिता में जीता रजत पदक, क्रीड़ा भारती ने दी बधाई

प्रकाशित: 28 October 2026, 7:47 pm

जालोर, 28 अक्टूबर।

मणिपुर की राजधानी इंफाल में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी थांग-ता प्रतियोगिता में जालोर की खिलाड़ी सुभी चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (Silver Medal) जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।सुभी चौधरी जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ, उदयपुर की ओर से प्रतियोगिता में भाग ले रही थी। यह प्रतियोगिता 26 से 28 अक्टूबर 2026 तक मणिपुर विश्वविद्यालय, इंफाल में आयोजित हुई थी।

थांग-ता संघ के सचिव व प्रशिक्षक ओम प्रकाश गर्ग ने बताया कि सुभी का चयन अगस्त में जयपुर में हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के आधार पर हुआ था। इससे पहले जालोर के 4 खिलाड़ियों मनीषा कंवर, सुभी चौधरी, हेमेंद्र भाटी एवं सागर कंवर का इस प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ था।

सुभी के रजत पदक जीतने पर क्रीड़ा भारती के जिला अध्यक्ष नाथू सोलंकी, जिला मंत्री भागीरथ गर्ग, सहमंत्री ओम प्रकाश गर्ग, कोषाध्यक्ष मंगल सिंह बालोत, उपाध्यक्ष जबर सिंह देवड़ा, नगर अध्यक्ष ओम प्रकाश आर्य सहित सभी पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जाहिर करते हुए बधाई व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।