ब्रेकिंग न्यूज़
उत्सव और इवेंट्स

डीसा से आबूराज के लिए रवाना हुई 12वीं श्री अर्बुदा माताजी पैदल यात्रा पहुंची आबूरोड, माली समाज छात्रावास में रात्रि विश्राम

प्रकाशित: 15 September 2026, 3:50 pm


आबूरोड/डीसा:

-धर्मेंद्र सुन्देशा
समस्त माली समाज परमार परिवार (डीसा, बनासकांठा, वाव-थराद) के तत्वावधान में आयोजित 12वीं श्री अर्बुदा माताजी पैदल यात्रा संघ अपनी भक्तिमय यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव के तहत आज आबूरोड पहुंच गया है। डीसा के गेनाजी गोलीया से गत 13 सितंबर (भादरवा सुद-2, रविवार) को सुबह 6:15 बजे गाजे-बाजे और मां अर्बुदा के जयकारों के साथ रवाना हुआ,

यह संघ लगातार पदयात्रा करते हुए आबूरोड स्थित माली समाज छात्रावास पहुंचा, जहां स्थानीय श्रद्धालुओं और समाजजनों द्वारा पदयात्रियों का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
आबूरोड स्थित छात्रावास परिसर में शाम को भक्तिमय माहौल के बीच माता रानी की भव्य आरती उतारी गई। आरती के पश्चात सभी पदयात्रियों व श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पदयात्रियों की थकान को देखते हुए आज रात्रि विश्राम माली समाज छात्रावास में ही रखा गया है।


कल पहुंचेंगे मां अर्बुदा के दरबार, आयोजित होंगे भव्य धार्मिक कार्यक्रम
रात्रि विश्राम के पश्चात कल सुबह सभी पदयात्री आबूराज (माउंट आबू) स्थित मां अर्बुदा के दरबार के लिए प्रस्थान करेंगे। संघ के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए आयोजकों ने बताया:

भजन संध्या: 16 सितंबर (भादरवा सुद-5, बुधवार) की रात्रि 8:15 बजे राजपूत समाज धर्मशाला, आबूराज में भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी।


हवन एवं पूजा-अर्चना: 17 सितंबर (भादरवा सुद-6, गुरुवार) को सुबह 6:15 बजे अर्बुदा माताजी मंदिर प्रांगण में विशेष धार्मिक हवन और महापूजा संपन्न होगी।
महाप्रसाद: 17 सितंबर को ही सुबह 10:15 बजे राजपूत समाज धर्मशाला (आबूराज) में विशाल महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा।

आयोजक परमार परिवार एवं समस्त माली समाज ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से इन सभी धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता निभाकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।