राजस्थान के जवाहर नवोदय विद्यालयों में कक्षा 9 व 11 की रिक्त सीटों पर प्रवेश का अवसर
जयपुर, 9 सितंबर। नवोदय विद्यालय समिति, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए जवाहर नवोदय विद्यालयों में कक्षा 9 और कक्षा 11 की रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु लेटरल एंट्री चयन परीक्षा-2027 की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। राजस्थान के पात्र विद्यार्थी 30 सितंबर 2026 तक निःशुल्क आवेदन कर सकते हैं। चयन परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को आयोजित की जाएगी।
यह प्रवेश प्रक्रिया किसी एक जिले या केवल जवाहर नवोदय विद्यालय पचपदरा तक सीमित नहीं है। आधिकारिक विवरणिका में राजस्थान के 33 नियमित और दो अतिरिक्त सहित कुल 35 जवाहर नवोदय विद्यालय दर्ज हैं। आवेदन प्रदेश के पात्र विद्यार्थियों के लिए है, लेकिन प्रवेश संबंधित विद्यालय में उपलब्ध रिक्त सीट, श्रेणी, संकाय और नवोदय विद्यालय समिति के चयन मानदंडों के आधार पर ही दिया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय में सीट उपलब्ध होना आवश्यक नहीं है।
कक्षा 9 के लिए पात्रता
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी सरकारी अथवा सरकार से मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 8 में अध्ययनरत विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थी जिस जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश चाहता है, उसका वास्तविक निवासी होना और उसी जिले में कक्षा 8 में पढ़ना आवश्यक है।
अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होनी चाहिए। यह आयु सीमा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग सहित सभी श्रेणियों पर लागू होगी।
कक्षा 9 की परीक्षा में अंग्रेजी के 15, हिंदी के 15, गणित के 35 और सामान्य विज्ञान के 35 प्रश्न सहित कुल 100 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि ढाई घंटे होगी और प्रश्नों का स्तर कक्षा 8 के पाठ्यक्रम के अनुरूप रहेगा।
कक्षा 11 के लिए पात्रता
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी सरकारी अथवा मान्यता प्राप्त विद्यालय से कक्षा 10 में अध्ययनरत विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 जून 2010 से 31 जुलाई 2012 के बीच होनी चाहिए। पूर्व के शैक्षणिक सत्रों में कक्षा 10 उत्तीर्ण कर चुके विद्यार्थी आवेदन के पात्र नहीं होंगे।
कक्षा 11 में जिला स्तरीय रिक्त सीटों के लिए विद्यार्थी के निवास और कक्षा 10 की पढ़ाई का जिला समान होना आवश्यक है। जिले की सीटें भरने के बाद राजस्थान के किसी अन्य जवाहर नवोदय विद्यालय में बची सीटें राज्यस्तरीय मेरिट सूची से भरी जा सकती हैं। राजस्थान का विद्यार्थी किसी दूसरे राज्य की सीट पर प्रवेश का पात्र नहीं होगा।
अभ्यर्थी अधिकतम दो संकाय और प्रत्येक संकाय के लिए अधिकतम तीन जवाहर नवोदय विद्यालयों का विकल्प दे सकता है। विज्ञान, वाणिज्य, मानविकी अथवा व्यावसायिक संकाय का विकल्प संबंधित विद्यालय में उस संकाय और सीट की उपलब्धता पर निर्भर करेगा।
कक्षा 11 की चयन परीक्षा में मानसिक योग्यता, अंग्रेजी, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और गणित से 20-20 प्रश्न पूछे जाएंगे। कुल 100 अंकों की ढाई घंटे की परीक्षा होगी और गलत उत्तर पर नकारात्मक अंक नहीं काटे जाएंगे।
आवेदन के आधिकारिक लिंक
कक्षा 9:
https://cbseitms.nic.in/2026/nvsix_9
कक्षा 11:
https://cbseitms.nic.in/2026/nvsxi_11
ऑनलाइन आवेदन के समय अभ्यर्थी का फोटो, अभ्यर्थी के हस्ताक्षर और अभिभावक के हस्ताक्षर जेपीजी अथवा जेपीईजी प्रारूप में अपलोड करने होंगे। प्रत्येक फाइल का आकार 10 से 100 केबी के बीच होना चाहिए। आवेदन में राज्य, निवास एवं अध्ययन का जिला, आधार नंबर तथा विद्यालय संबंधी जानकारी भी दर्ज करनी होगी।
आवेदन पूरी तरह निःशुल्क है। ऑनलाइन आवेदन में सहायता के लिए सभी जवाहर नवोदय विद्यालयों में हेल्प डेस्क उपलब्ध कराने का प्रावधान है। विद्यार्थी और अभिभावक आवेदन से पहले आधिकारिक विवरणिका में संबंधित विद्यालय की संभावित रिक्त सीट, आयु, निवास, अध्ययन के जिले, श्रेणी और अन्य पात्रता शर्तों की जाँच अवश्य करें।

