राजस्थान स्टार्टअप क्वेस्ट 2026: नवाचारों को ब्लॉक से राज्य स्तर तक मिलेगा मंच
जालौर। राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग तथा आईस्टार्ट राजस्थान की ओर से “राजस्थान स्टार्टअप क्वेस्ट 2026” आयोजित किया जा रहा है। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, रानीवाड़ा-जालौर के प्रोग्रामर श्री महेंद्र कुमार साँखला ने बताया कि “इनोवेट राजस्थान: विकसित भारत के लिए विचार” विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में युवा, विद्यार्थी, किसान, महिला उद्यमी, स्टार्टअप्स तथा ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के नवप्रवर्तक भाग ले सकते हैं।
प्रतिभागी खेती, पशुपालन, जल संरक्षण, मिट्टी, कृषि मशीनरी, फसल विपणन, पर्यावरण, सामाजिक प्रभाव, प्रशासनिक सुधार अथवा किसी स्थानीय समस्या के व्यावहारिक समाधान से संबंधित अपना नवीन विचार प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
प्रतियोगिता ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर तीन चरणों में आयोजित होगी। ब्लॉक स्तर पर चयनित शीर्ष तीन टीमें जिला स्तरीय आइडियाथॉन में भाग लेंगी। ब्लॉक स्तर पर प्रथम पुरस्कार 10 हजार, द्वितीय पुरस्कार 5 हजार और तृतीय पुरस्कार 3 हजार रुपये होगा। जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः 50 हजार, 25 हजार और 15 हजार रुपये दिए जाएंगे।
प्रत्येक जिले से चयनित तीन श्रेष्ठ टीमें दिसंबर के पहले सप्ताह में जयपुर में प्रस्तावित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले एवं इनोवेशन एक्सपो में भाग लेंगी। राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 5 लाख, द्वितीय पुरस्कार 3 लाख और तृतीय पुरस्कार 2 लाख रुपये रखा गया है।
इसके अतिरिक्त ग्रामीण नवाचार, महिला नेतृत्व वाली टीम, जनजातीय नवाचार, सामाजिक प्रभाव और हरित नवाचार की पांच विशेष श्रेणियों में एक-एक लाख रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे।
इच्छुक प्रतिभागी https://istart.rajasthan.gov.in/ पर पंजीकरण कर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
