ब्रेकिंग न्यूज़
शहर विशेष

प्रवासी राजस्थान माली समाज ने उठाया स्थायी समाज भवन निर्माण का बीड़ा

प्रकाशित: 18 August 2026, 2:59 pm

अध्यक्ष श्री सज्जनराजजी साँखला के नेतृत्व में समाज हुआ एकजुट, निर्माण के लिए समाजबंधुओं ने लगाईं बोलियां

बेंगलूरु। बेंगलूरु और आसपास के क्षेत्रों में राजस्थान से आकर बसे माली समाज के परिवार बड़ी संख्या में निवास करते हैं। लंबे समय से यहां समाज के धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए अपने स्थायी समाज भवन की आवश्यकता अनुभव की जा रही थी। इस आवश्यकता को पूरा करने के उद्देश्य से बेंगलूरु सिटी माली समाज ट्रस्ट ने समाज भवन निर्माण का बीड़ा उठाया है।

ट्रस्ट के वर्तमान अध्यक्ष श्री सज्जनराजजी साँखला के कुशल नेतृत्व में समाज के वरिष्ठजनों, प्रबुद्धजनों, पदाधिकारियों और समाजबंधुओं को एकजुट कर भवन निर्माण की योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। समाज की साझा आवश्यकता को लेकर सभी को एकमत करने और स्थायी भवन निर्माण का संकल्प लेने की इस पहल का समाज के प्रबुद्धजनों ने स्वागत किया है। उन्होंने श्री सज्जनराजजी साँखला और उनकी पूरी टीम को इस महत्त्वपूर्ण सामाजिक प्रयास के लिए अभिनंदन का पात्र बताया।

इसी क्रम में मैसूर रोड स्थित राजपुरोहित समाज भवन के प्रांगण में बेंगलूरु सिटी माली समाज ट्रस्ट की ओर से भजन संध्या एवं स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम महामंडलेश्वर चेतनगिरी महाराज और संत राजाराम महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ।

भजन गायक डॉ. रमेश माली, हेमंत जोशी और गोविंददास वैष्णव ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान माली समाज के आराध्य संत लिखमीदास महाराज की स्मृति में भी भजन प्रस्तुत किए गए।समारोह में गुडशेड रोड स्थित प्रस्तावित माली समाज भवन के निर्माण के लिए समाजबंधुओं और भामाशाहों ने उत्साहपूर्वक बोलियां लगाईं।

उपस्थित समाजबंधुओं ने भवन निर्माण का कार्य शीघ्र पूरा करने का सामूहिक संकल्प भी लिया।कार्यक्रम में माली समाज कर्नाटक के पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्ष हापुराम चौहान, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, ट्रस्टी, भामाशाह और बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का समाज की ओर से अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन रूपेश सोलंकी ने किया।