गोडीजी बालिका विद्यालय में सिद्धयोग ध्यान कार्यक्रम, नशामुक्त जीवन का संकल्प
जालोर। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय गोडीजी में भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत सिद्धयोग ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। आध्यात्मिक विज्ञान सत्संग केंद्र, जोधपुर की जालोर टीम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 159 छात्राओं और 11 स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम संयोजक एवं केंद्र के प्रतिनिधि मदनलाल सुंदेशा ने छात्राओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गुरुदेव सियाग सिद्धयोग एवं ध्यान का नियमित अभ्यास मानसिक तनाव कम करने तथा नशा त्यागने की आंतरिक शक्ति विकसित करने में सहायक हो सकता है।
सत्र के दौरान समर्थ गुरुदेव श्री रामलाल जी सियाग की सिद्धयोग ध्यान पद्धति का अभ्यास कराया गया। आयोजकों के अनुसार, ध्यान के दौरान कुछ प्रतिभागियों ने स्वतः विभिन्न यौगिक क्रियाओं का अनुभव किया।

कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं और स्टाफ सदस्यों ने जीवन भर नशा न करने का संकल्प लिया। साथ ही परिवार और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
