ब्रेकिंग न्यूज़
अनंत चतुर्दशी 2026
शासन एवं न्यायिक आदेश

राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: आरक्षण लॉटरी की तारीख बदली, अब सितंबर में होगा बड़ा फैसला

By MAHIPAL SINGH RP प्रकाशित: 17 August 2026, 3:17 pm

राजस्थान में आगामी पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की तैयारियों के बीच बड़ी खबर सामने आई है। पंचायत राज संस्थाओं के विभिन्न पदों के लिए होने वाली आरक्षण/लॉटरी प्रक्रिया को एक महीने के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने 16 अगस्त 2026 को संशोधित कार्यक्रम जारी किया है।

17 और 18 अगस्त को नहीं होगी लॉटरी
पहले पंचायती राज संस्थाओं के पदों के आरक्षण की लॉटरी 17 अगस्त और 18 अगस्त 2026 को प्रस्तावित थी। अब इन तारीखों को बदल दिया गया है।
नए कार्यक्रम के अनुसार—
17 सितंबर 2026 — जिला स्तर पर संबंधित पंचायती राज संस्थाओं के पदों के लिए आरक्षण/लॉटरी प्रक्रिया।
18 सितंबर 2026 — उपखंड स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए आरक्षण/लॉटरी प्रक्रिया।

चुनाव प्रक्रिया के कारण लिया गया फैसला
विभाग के आदेश में बताया गया है कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम के संबंध में प्रक्रिया निर्धारित की जा रही है। पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव द्वितीय चरण में कराए जाने प्रस्तावित हैं। इसी के चलते चुनाव प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए आरक्षण एवं लॉटरी की तारीखों में संशोधन किया गया है।

15 नवंबर तक चुनाव प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से हाईकोर्ट में दिए गए प्रतिवेदन के अनुसार, पहले चरण में नगरीय निकायों तथा दूसरे चरण में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव कराए जाने की योजना है। हाईकोर्ट के निर्देश के अनुसार राज्य में संबंधित चुनाव प्रक्रिया 15 नवंबर 2026 तक पूरी की जानी है।
जिला प्रमुख की लॉटरी पहले ही हो चुकी
पंचायती राज चुनाव से जुड़े जिला प्रमुख पदों के आरक्षण की लॉटरी 13 अगस्त 2026 को पूरी हो चुकी है। अब पंचायत समिति/जिला परिषद से जुड़े अन्य पदों तथा सरपंच और वार्ड पंच पदों के आरक्षण की प्रक्रिया सितंबर में होगी।

दावेदारों पर पड़ेगा सीधा असर
लॉटरी की तारीख करीब एक महीने आगे बढ़ने से ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित उम्मीदवारों को अपनी रणनीति बनाने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। खासतौर पर किस पंचायत में कौन-सी सीट सामान्य, महिला, एससी, एसटी या अन्य आरक्षित वर्ग में जाएगी, इसका स्पष्ट फैसला संबंधित लॉटरी के बाद ही सामने आएगा।
यानी फिलहाल 17-18 अगस्त को होने वाली पंचायत आरक्षण लॉटरी नहीं होगी। अब सभी की नजरें 17 और 18 सितंबर 2026 पर रहेंगी।