गृह मंत्री अमित शाह का राजस्थान दौरा:
उदयपुर/चित्तौड़गढ़, 16 अगस्त 2026। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार देर रात दो दिवसीय राजस्थान दौरे पर उदयपुर पहुंचे। महाराणा प्रताप एयरपोर्ट, डबोक पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनकी अगवानी की। इसके बाद अमित शाह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सड़क मार्ग से उदयपुर के सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उनके रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई।
निम्बाहेड़ा में आज हुए प्रमुख कार्यक्रम

अमित शाह रविवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ सड़क मार्ग से चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा जाएंगे। यहां जेके सर्किल पर पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची अष्टधातु की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद शाह जनसभा को संबोधित किया।
राजस्थान को 12,112 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य
अमित शाह के दो दिवसीय दौरे के दौरान राजस्थान में करीब 12,112 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है। इनमें सड़क, ऊर्जा, पेयजल, शिक्षा, डेयरी, लोक निर्माण और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
निम्बाहेड़ा कार्यक्रम में 15 जिलों के लिए 5,659 करोड़ रुपये के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है। इनमें 442 कार्यों का शिलान्यास तथा 502 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
किसानों को भी बड़ी सौगात

दौरे के दौरान 67 लाख किसानों को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की 667 करोड़ रुपये की किस्त डीबीटी के माध्यम से जारी की जाएगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को 152 करोड़ रुपये की राशि जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
रोजगार और विकास पर भी फोकस
राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव में 10,548 अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके अलावा दौरे के दौरान अलवर में भी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास प्रस्तावित है।
उदयपुर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
अमित शाह के दौरे को देखते हुए उदयपुर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। डबोक एयरपोर्ट, सर्किट हाउस तथा उनके आवागमन वाले मार्गों पर पुलिस एवं सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट और सर्किट हाउस के आसपास के क्षेत्र को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है। ड्रोन, यूएवी और हॉट एयर बैलून सहित अन्य उड़ने वाले उपकरणों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
कार्यक्रम के बाद जयपुर रवाना होंगे शाह
निम्बाहेड़ा में कार्यक्रम पूरा होने के बाद अमित शाह दोपहर में हेलीकॉप्टर से उदयपुर लौटेंगे। इसके बाद वे विशेष विमान से जयपुर के लिए रवाना होंगे।
खास बात: अमित शाह का यह राजस्थान दौरा विकास परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास के साथ-साथ आगामी नगर निकाय एवं पंचायत चुनावों के लिहाज से भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
