भीनमाल: माली समाज का दीपावली स्नेह मिलन समारोह 1 नवंबर को, जिले के सरकारी अधिकारी और कर्मचारी होंगे शामिल
भीनमाल (जालौर)
माली समाज में राजकीय सेवा से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को एक मंच पर लाकर आपसी सौहार्द, अनुभव साझा करने और सामाजिक एकजुटता को सुदृढ़ करने की यह वार्षिक स्नेह मिलन परिपाटी अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय पहल है। इसी समृद्ध परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाते हुए संत श्री लिखमीदास सेवा संस्थान (भीरु ग्रुप), भीनमाल के सानिध्य में 1 नवंबर 2026 (रविवार) को क्षेमंकरी माता मंदिर की तलहटी स्थित माली समाज भवन में दीपावली स्नेह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों ने जालौर जिले में सेवारत समाज के सभी सम्मानीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस गरिमामयी आयोजन का हिस्सा बनने हेतु सादर आमंत्रित किया है।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, समारोह का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे संभागियों के पंजीकरण से होगा, जिसके बाद 10:30 बजे चाय-नाश्ते का प्रबंध रहेगा। इसके पश्चात पूर्वाहन 11:00 बजे मुख्य सत्र आयोजित होगा जिसमें अतिथियों का स्वागत, परस्पर परिचय, प्रेरणादायी उद्बोधन एवं सामाजिक सरोकारों पर सारगर्भित विचार-विमर्श किया जाएगा, तत्पश्चात दोपहर 2:00 बजे सामूहिक भोजन प्रसादी के साथ इस स्नेह सम्मेलन का समापन होगा।
