मदनलालजी पीराजी माली ब्राह्मणी माता मंदिर कमेटी के अध्यक्ष निर्वाचित
जैसलमेरिया सोलंकी माली परिवार ने सर्वसम्मति से अगले कार्यकाल के लिए सौंपा दायित्व
जैसलमेरिया सोलंकी माली परिवार की आराध्या देवी ब्राह्मणी माता मंदिर की प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष पद पर श्री मदनलालजी पीराजी माली को सर्वसम्मति से निर्वाचित किया गया है। ब्राह्मणी माता मंदिर के प्रांगण में आयोजित सामाजिक बैठक में उपस्थित परिवारजनों एवं समाजबंधुओं ने एकमत होकर उन्हें अगले कार्यकाल के लिए अध्यक्ष घोषित किया।
श्री मदनलालजी समर्पित समाजसेवी, व्यवसायी एवं उद्योगपति हैं। वे भारत विकास परिषद के राजस्थान उत्तर-पश्चिम प्रांत में उपाध्यक्ष (सेवा) के दायित्व का भी निर्वहन कर रहे हैं। सामाजिक एवं सेवाभावी गतिविधियों में निरंतर सक्रिय रहने वाले मदनलालजी अपने सरल, मिलनसार और सहयोगी व्यक्तित्व के कारण समाज में विशेष पहचान रखते हैं।
उनके अध्यक्ष निर्वाचित होने पर जैसलमेरिया सोलंकी माली परिवार के सदस्यों और समाजबंधुओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हार्दिक बधाई दी। सभी ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मंदिर की व्यवस्थाएँ अधिक सुदृढ़ होंगी तथा धार्मिक आयोजनों, सामाजिक गतिविधियों और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
समाजबंधुओं ने माँ ब्राह्मणी के चरणों में उनके सफल, सेवाभावी और प्रेरणादायी कार्यकाल की मंगलकामना की है।
