ब्रेकिंग न्यूज़
अनंत चतुर्दशी 2026
लाभकारी योजनाएं एवं रोजगार समाचार

मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के लिए आवेदन शुरू, 7 अक्टूबर तक मिलेगा अवसर

प्रकाशित: 9 September 2026, 2:37 am

जयपुर।

राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र विद्यार्थी 7 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को विभिन्न प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं और सरकारी नौकरियों के लिए आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी सूचीबद्ध कोचिंग संस्थानों में कराई जाएगी। इसका उद्देश्य आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और प्रतियोगी परीक्षाओं में समान अवसर उपलब्ध कराना है।

विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से प्रारंभ हो गई है। आवेदन मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना की संशोधित दिशा-निर्देश एवं मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार स्वीकार किए जाएंगे। विभाग की वेबसाइट पर योजना संबंधी दिशा-निर्देश तथा आवेदन व्यवस्था उपलब्ध है।

आवेदक को राजस्थान सरकार के एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन करने के बाद CM Anuprati Coaching आइकन का चयन करना होगा। इसके पश्चात ड्रॉपडाउन सूची में Student विकल्प चुनकर आवेदन-पत्र भरना होगा।

आवेदन करने से पहले विद्यार्थियों को अपनी पात्रता, संबंधित परीक्षा या पाठ्यक्रम, आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, आय सीमा, श्रेणी प्रमाण-पत्र तथा अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच कर लेनी चाहिए। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। योजना की विस्तृत जानकारी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर देखी जा सकती है।