राजस्थान में WhatsApp पर मिलेंगी 103 ई-मित्र सेवाएँ, प्रमाणपत्र से लेकर बिल भुगतान तक की सुविधा
जयपुर।
राजस्थान सरकार ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए ई-मित्र WhatsApp व्यवस्था का विस्तार करते हुए इससे उपलब्ध सेवाओं की संख्या 51 से बढ़ाकर 103 कर दी है। नागरिक अब मोबाइल के माध्यम से विभिन्न प्रमाणपत्रों के लिए आवेदन, दस्तावेज डाउनलोड, बिल भुगतान और आवेदन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इनमें मूल निवास, जाति तथा EWS आय एवं संपत्ति प्रमाणपत्र के लिए आवेदन; जन आधार, जमाबंदी और राशन कार्ड संबंधी दस्तावेज डाउनलोड; बिजली एवं पानी के बिलों का भुगतान तथा विभिन्न आवेदनों एवं शिकायतों की स्थिति जानने जैसी सुविधाएँ शामिल हैं।
सेवा का उपयोग करने के लिए नागरिक 9461062705 नंबर सुरक्षित करके WhatsApp पर “Hi”, “Hello” अथवा “eMitra” लिखकर भेज सकते हैं। इसके बाद हिंदी या अंग्रेजी भाषा चुनकर उपलब्ध विकल्पों में से आवश्यक सेवा का चयन किया जा सकता है।
इस व्यवस्था से विशेषकर ग्रामीण नागरिकों, वरिष्ठजनों और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सरकारी कार्यालयों तथा ई-मित्र केंद्रों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलने की संभावना है।
