मारवाड़ एवं स्थानीय समाचार

जालोर के मुक्केबाजों ने जीते 3 पदक, क्रीड़ा भारती ने रेलवे स्टेशन पर किया भव्य स्वागत

प्रकाशित: 8 October 2026, 3:29 pm

जालोर, 8 अक्टूबर।

जालोर के मुक्केबाजों ने दो अलग-अलग प्रतियोगिताओं में दमखम दिखाते हुए तीन पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का क्रीड़ा भारती द्वारा जालोर रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया।

क्रीड़ा भारती के जिला मंत्री भागीरथ गर्ग ने बताया कि आदर्श विद्या मंदिर की 37वीं अखिल भारतीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन 4 से 7 अक्टूबर को जयपुर में हुआ, जिसमें क्रीड़ा भारती केंद्र के खिलाड़ी छायांक गर्ग ने कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।

वहीं *शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय स्कूली मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन 30 सितंबर से 7 अक्टूबर तक अजमेर में हुआ, जिसमें जालोर के खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाते हुए दो पदक हासिल किए। इसमें क्रीड़ा भारती केंद्र की खिलाड़ी खुशी शर्मा ने स्वर्ण पदक एवं ऑल स्टार अकादमी की खिलाड़ी रानू शर्मा ने कांस्य पदक जीता।

पदक विजेता खिलाड़ियों के जालोर लौटने पर क्रीड़ा भारती के पदाधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पर माला व दुपट्टा पहनाकर एवं ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया।इस अवसर पर क्रीड़ा भारती के जिला अध्यक्ष नाथू सोलंकी, सहमंत्री ओम प्रकाश गर्ग, कोषाध्यक्ष मंगल सिंह बालोत, उपाध्यक्ष जबर सिंह देवड़ा, नगर अध्यक्ष ओम प्रकाश आर्य, जेपी पुनिया, अम्बिका प्रसाद तिवारी, पुष्पेंद्र परमार, छगनलाल सोलंकी, हितेश दवे, अंकुश गुरसर, अरविंद कुमार, लक्ष्मी कंवर, सुशीला सेन, सूरज गर्ग सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे।