ब्रेकिंग न्यूज़
मारवाड़ एवं स्थानीय समाचार

शेखावाटी एमएस मेमोरियल सेकेंडरी स्कूल में सिद्धयोग कार्यशाला, 289 संभागियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

प्रकाशित: 29 September 2026, 1:10 pm

सद्गुरुदेव रामलाल जी सियाग की दिव्य वाणी में संजीवनी मंत्र सुनकर किया 15 मिनट सामूहिक ध्यान

जालोर, 29 सितंबर। अध्यात्म विज्ञान सत्संग केंद्र, जोधपुर की जालोर जिला प्रचार टीम के संयोजन में मंगलवार को शेखावाटी एमएस मेमोरियल सेकेंडरी स्कूल, जालोर में गुरुदेव सियाग सिद्धयोग कार्यशाला एवं सामूहिक ध्यान सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन मदनलाल सुंदेशा ने किया।

कार्यशाला में विद्यालय के लगभग 276 विद्यार्थियों और 13 शिक्षकों सहित कुल 289 संभागियों ने भाग लिया। सभी संभागियों ने समर्थ सद्गुरुदेव श्री रामलाल जी सियाग की दिव्य वाणी में संजीवनी मंत्र सुनकर 15 मिनट तक सामूहिक सिद्धयोग ध्यान किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सिद्धयोग दर्शन, संजीवनी मंत्र और नियमित ध्यान की विधि समझाई गई। आयोजकों ने बताया कि सिद्धयोग साधना में जागृत कुण्डलिनी शक्ति साधक की आवश्यकता के अनुसार स्वतः यौगिक क्रियाएँ करवाती है। संस्था की मान्यता के अनुसार नियमित साधना शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक उन्नति में सहायक बनते हुए साधक को आत्मबोध तथा मोक्ष के परम लक्ष्य की ओर अग्रसर करती है।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत जीवनभर सभी प्रकार के नशों से दूर रहने और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।

यह आयोजन भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा अध्यात्म विज्ञान सत्संग केंद्र, जोधपुर के मध्य हुए राष्ट्रीय समझौता ज्ञापन के अंतर्गत किया गया।