राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शहरी में सिद्धयोग ध्यान, 158 विद्यार्थियों और स्टाफ ने ली नशामुक्ति की प्रतिज्ञा
जालोर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शहरी, जिला जालोर में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और आत्मचेतना जागृत करने के लिए सिद्धयोग ध्यान एवं नशामुक्ति प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 140 विद्यार्थियों तथा 18 स्टाफ सदस्यों सहित कुल 158 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम संयोजक मदनलाल सुंदेशा ने विद्यार्थियों को समर्थ सद्गुरुदेव श्री रामलाल जी सियाग द्वारा प्रवर्तित सिद्धयोग दर्शन और संजीवनी मंत्र पर आधारित ध्यान-पद्धति की जानकारी दी। इसके बाद विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और स्टाफ को सामूहिक रूप से सिद्धयोग ध्यान करवाया गया।
विद्यार्थियों को बताया गया कि नियमित ध्यान से आत्मसंयम, मानसिक एकाग्रता, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिल सकती है। नशे से व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए उन्हें सभी प्रकार के नशीले पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने जीवनभर नशे से दूर रहने, दूसरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा ध्यान के माध्यम से अपने जीवन में अनुशासन और सकारात्मकता विकसित करने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली।
