ब्रेकिंग न्यूज़
अनंत चतुर्दशी 2026
मारवाड़ एवं स्थानीय समाचार

नगर परिषद जालोर के सभापति बंशीलाल माली और उपसभापति मुमताज अली ने संभाला कार्यभार

प्रकाशित: 24 September 2026, 12:21 pm

पूर्व मंत्री पुखराज पाराशर सहित कांग्रेस नेताओं, पार्षदों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं

जालोर। नगर परिषद जालोर के नवनिर्वाचित सभापति बंशीलाल माली और उपसभापति मुमताज अली ने गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर अपने-अपने पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पार्षदों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सामाजिक प्रतिनिधियों और बंशीलाल माली के परिवारजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री पुखराज पाराशर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रमीला मेघवाल, वरिष्ठ स्थानीय नेता जुल्फिकार अली भुट्टो, सवाराम पटेल, रमेश सोलंकी, लक्ष्मण सिंह सांखला, मिस्रीमल गहलोत तथा वर्तमान पार्षद श्रीमती शोभा सुंदेशा सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने सभापति और उपसभापति को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

इस अवसर पर माली समाज ठाकुरद्वारा पांच पट्टी के अध्यक्ष भौमाराम माली तथा समाज के अन्य वरिष्ठ एवं गणमान्य लोगों ने भी सभापति बंशीलाल माली को शुभकामनाएं दीं। समाज के प्रतिनिधियों ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे समाज और जालोर शहर के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि नगर परिषद का नया नेतृत्व शहर की सफाई व्यवस्था, सड़कों, नालियों, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता से काम करेगा। कार्यभार ग्रहण करने के बाद सभापति बंशीलाल माली और उपसभापति मुमताज अली ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, सामाजिक प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, परिवारजनों और शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।