ब्रेकिंग न्यूज़
सेवा एवं जीवन दर्शन

इंडियन यूथ पार्लियामेंट में उत्तम भाटी ‘श्रेष्ठ सांसद’ सम्मान से सम्मानित

प्रकाशित: 19 September 2026, 3:15 pm

राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत की राजस्थान की संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहर

जयपुर, 17 सितंबर। भारतीय युवा संसद के 31वें राष्ट्रीय अधिवेशन में लाडनूं के युवा प्रतिभागी उत्तम भाटी को राजस्थान के ‘श्रेष्ठ सांसद’ सम्मान से सम्मानित किया गया। उत्तम भाटी वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. वीरेंद्र भाटी ‘मंगल’ के पुत्र हैं।

तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में देश के 28 राज्यों से चयनित करीब 300 युवाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय परंपराओं, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सरोकारों और देश के विकास से जुड़े विषयों पर विचार रखने का अवसर मिला।

उत्तम भाटी ने अधिवेशन के दौरान राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहर को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति में प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता के साथ युवा पीढ़ी को अपनी विरासत और जड़ों से जुड़े रहने का संदेश भी दिखाई दिया।

कार्यक्रम में असम विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. नुमल मोमिन, पद्मश्री एवं प्रसिद्ध मांड गायिका बेगम बतूल सहित अनेक अतिथि उपस्थित रहे। अधिवेशन में विभिन्न राज्यों के राज्यपालों, राजनेताओं, वरिष्ठ अधिकारियों, कलाकारों और समाजसेवियों ने भी सहभागिता की।

उत्तम भाटी को मिला यह सम्मान उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि होने के साथ राजस्थान की प्रतिभाशाली और विचारशील युवा शक्ति का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, मित्रों, शुभचिंतकों और लाडनूं क्षेत्र के नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

फोटो कैप्शन: भारतीय युवा संसद के राष्ट्रीय अधिवेशन के मंच पर अतिथियों के साथ उत्तम भाटी (दाईं ओर)।