लोकमंथन यात्रा 5 सितंबर को पहुंचेगी जालोर, शहर से गोदन तक होंगे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम
जालोर। लोक देवता बाबा रामदेवजी के धाम रामदेवरा से प्रारंभ हुई सांस्कृतिक एवं लोककला जागरण यात्रा ‘लोकमंथन यात्रा’ 5 सितंबर को जालोर पहुंचेगी। यात्रा के स्वागत में जालोर शहर और गोदन गांव में पारंपरिक खेल, लोकनृत्य, विरासत भ्रमण, विचार गोष्ठियों तथा सांस्कृतिक संध्या सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यात्रा के जिला संयोजक अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि राजस्थान के विभिन्न जिला केंद्रों से होकर गुजर रही यात्रा शनिवार को प्रातः 9 बजे जालोर नगर में प्रवेश करेगी। संस्कार भारती की जालोर इकाई की ओर से बागोड़ा रोड स्थित वैद्यनाथ महादेव मंदिर में पारंपरिक गैर नृत्य के साथ यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
इसके बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संयोजन में हेरिटेज वॉक आयोजित होगी। इसके अंतर्गत ऐतिहासिक संस्कृत पाठशाला ‘तोपखाना’ का अवलोकन किया जाएगा।
पूर्वाह्न 11:30 बजे सिरे मंदिर मार्ग स्थित आदर्श विद्या मंदिर में पारंपरिक वेशभूषा में यात्रा का स्वागत होगा। यहां आठ घर यानी लकड़ी टांग, शतरंज, रस्सीकूद, रस्साकशी, गट्टे, सितोलिया और कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों के साथ संस्कृति ज्ञान प्रश्नमंच आयोजित किया जाएगा।
दोपहर 2 बजे अखिल भारतीय साहित्य परिषद की जालोर इकाई की ओर से राजकीय बालिका महाविद्यालय के विज्ञान परिसर स्थित सभागार में ‘जालोर की नाथ परंपरा’ विषय पर गोष्ठी होगी। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ओर से ‘शिक्षक एवं लोकज्ञान’ विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। गोष्ठी के मुख्य वक्ता चिंतक एवं सामाजिक कार्यकर्ता जसवंत खत्री होंगे।
शाम 4 बजे कलेक्टर परिसर स्थित बार एसोसिएशन सभागार में अधिवक्ता परिषद की जालोर इकाई की ओर से ‘नागरिक कर्तव्य एवं संविधान में सांस्कृतिक विरासत’ विषय पर गोष्ठी आयोजित होगी। इसे प्रज्ञा प्रवाह के राजस्थान क्षेत्र संयोजक सत्यनारायण कुमावत संबोधित करेंगे।
शाम 5 बजे भगत सिंह स्टेडियम में क्रीड़ा भारती की जालोर इकाई की ओर से कुश्ती और रस्साकशी प्रतियोगिताओं के साथ थांग-ता युद्धकला का प्रदर्शन किया जाएगा।
गोदन में ग्राम दर्शन और सांस्कृतिक संध्या
लोकमंथन यात्रा शाम 5:30 बजे ग्राम दर्शन के लिए गोदन पहुंचेगी। गोदन ग्राम विकास समिति की ओर से ढोल-नगाड़ों के साथ यात्रा का स्वागत किया जाएगा। गांव में मंगल संवाद और सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी, जिसमें चंग नृत्य, महिला समूहगान, पाबूजी की फड़, मांड गायन तथा ‘मारवाड़ी री केवता’ सहित विभिन्न लोक प्रस्तुतियां होंगी।
यात्रा से जुड़े पदाधिकारियों के रात्रि विश्राम की व्यवस्था ग्रामीण परिवारों के घरों में की जाएगी। यात्रा 6 सितंबर को प्रातः 7 बजे सिरोही के लिए प्रस्थान करेगी। यात्रा में रिछपाल सिंह, हितेश कुमार, संजीव कुमार, नारायण, जगदीश सोनी सहित विभिन्न कार्यकर्ता शामिल रहेंगे।
स्रोत: अजय कुमार गुप्ता, जिला संयोजक, लोकमंथन यात्रा-2026, जालोर द्वारा
