मारवाड़ एवं स्थानीय समाचार

राजस्थान में चार चरणों में पंचायत चुनाव; जालोर की 14 समितियों में 29 अक्टूबर से मतदान

प्रकाशित: 3 October 2026, 8:56 pm

जालोर। राज्य निर्वाचन आयोग ने राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव–2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। प्रदेश में पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के लिए चार चरणों में 23 अक्टूबर, 29 अक्टूबर, 4 नवंबर और 14 नवंबर को मतदान होगा। पंच एवं सरपंच पदों के लिए क्रमशः 25 अक्टूबर, 31 अक्टूबर, 6 नवंबर और 16 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।

पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के चुनाव ईवीएम से और पंच-सरपंच के चुनाव मतपत्र एवं मतपेटी से होंगे। पंच-सरपंच की मतगणना मतदान समाप्त होते ही संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर होगी। पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों की मतगणना सभी चरणों के लिए 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से होगी।

जालोर में दूसरे, तीसरे और चौथे चरण में चुनाव

जालोर जिले की 14 पंचायत समितियों की 433 ग्राम पंचायतों में तीन चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में जिले की कोई पंचायत समिति शामिल नहीं है। पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य—दोनों तरह के “डेलीगेट”—के लिए संबंधित क्षेत्र में एक ही दिन मतदान होगा।

भीनमाल, जसवंतपुरा, सायला, आहोर, भाद्राजून, जालोर और उम्मेदाबाद: इन सात पंचायत समितियों में दूसरे चरण के तहत दोनों तरह के डेलीगेट के लिए 29 अक्टूबर, गुरुवार को मतदान होगा। पंच एवं सरपंच के नामांकन 30 अक्टूबर, शुक्रवार को होंगे और मतदान 31 अक्टूबर, शनिवार को होगा। उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित होंगे। उपसरपंच का चुनाव 1 नवंबर, रविवार को होगा। इस चरण में 220 ग्राम पंचायतों के लिए 834 मतदान बूथ निर्धारित हैं।

सांचौर, चितलवाना, भादरूणा और सरवाना: इन चार पंचायत समितियों में तीसरे चरण के तहत डेलीगेट के लिए 4 नवंबर, बुधवार को मतदान होगा। पंच एवं सरपंच के नामांकन 5 नवंबर, गुरुवार और मतदान 6 नवंबर, शुक्रवार को होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना होगी। उपसरपंच का चुनाव 7 नवंबर, शनिवार को होगा। इस चरण में 111 ग्राम पंचायतों के लिए 362 मतदान बूथ निर्धारित हैं।

रानीवाड़ा, बागोड़ा और सरनाऊ: इन तीन पंचायत समितियों में चौथे चरण के तहत डेलीगेट के लिए 14 नवंबर, शनिवार को मतदान होगा। पंच एवं सरपंच के नामांकन 15 नवंबर, रविवार और मतदान 16 नवंबर, सोमवार को होगा। उसी दिन मतगणना होगी। उपसरपंच का चुनाव 17 नवंबर, मंगलवार को होगा। इस चरण में 102 ग्राम पंचायतों के लिए 363 मतदान बूथ निर्धारित हैं।

डेलीगेट के नामांकन का कार्यक्रम

आयोग के संशोधित आदेश के अनुसार जालोर जिला परिषद के सभी सदस्य पदों के लिए लोकसूचना 13 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन 16 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक, जाँच 17 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे से और नाम वापसी 19 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक होगी। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। जिला परिषद का यह नामांकन कार्यक्रम पूरे जिले के लिए है; मतदान संबंधित क्षेत्र के चरण के अनुसार होगा।

पंचायत समिति सदस्यों के लिए दूसरे चरण में लोकसूचना 13 अक्टूबर, नामांकन की अंतिम तारीख 16 अक्टूबर, जाँच 17 अक्टूबर और नाम वापसी 19 अक्टूबर है। तीसरे चरण में लोकसूचना 19 अक्टूबर, नामांकन की अंतिम तारीख 23 अक्टूबर, जाँच 24 अक्टूबर और नाम वापसी 26 अक्टूबर है। चौथे चरण में लोकसूचना 31 अक्टूबर, नामांकन की अंतिम तारीख 4 नवंबर, जाँच 5 नवंबर और नाम वापसी 6 नवंबर है। नामांकन सार्वजनिक अवकाश छोड़कर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक लिए जाएंगे। नाम वापसी का अंतिम समय दोपहर 3 बजे रहेगा।

पंच-सरपंच के लिए निर्धारित नामांकन दिवस पर पत्र सुबह 8 से पूर्वाह्न 11 बजे तक लिए जाएंगे। जाँच पूर्वाह्न 11:30 बजे से, नाम वापसी दोपहर 2 बजे तक तथा उसके तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटन होगा।

जिला प्रमुख 25 नवंबर और प्रधान 27 नवंबर को चुने जाएंगे

जालोर में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर होगी। निर्वाचित जिला परिषद सदस्य 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख चुनेंगे। निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान का चुनाव करेंगे।