लोकमंथन यात्रा के स्वागत में जालोर नगर में दिनभर होंगे विविध कार्यक्रम
जालोर। लोकमंथन यात्रा-2026 के जालोर आगमन पर शनिवार, 5 सितंबर को नगर में स्वागत, विरासत-दर्शन, परंपरागत खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न विषयों पर संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः 9:15 बजे बागोड़ा रोड स्थित वैद्यनाथ महादेव मंदिर में गैर नृत्य से यात्रा के स्वागत के साथ होगी। इसका आयोजन संस्कार भारती की ओर से किया जाएगा।
प्रातः 10 बजे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संयोजन में संस्कृत पाठशाला का अवलोकन कर जालोर की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचय कराया जाएगा। इसके बाद प्रातः 11:45 बजे आदर्श विद्या मंदिर परिवार की ओर से परंपरागत वेशभूषा में स्वागत तथा सितोलिया, रस्साकसी, रस्सी कूद और संस्कृति प्रश्न मंच सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके पश्चात भोजन एवं विश्राम का कार्यक्रम रहेगा।
दोपहर 2 बजे राजकीय बालिका महाविद्यालय के विज्ञान परिसर स्थित सभागार में ‘जालोर की नाथ परंपरा’ विषय पर गोष्ठी आयोजित होगी। इसी परिसर में दोपहर 3:15 बजे अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ओर से शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
शाम 4 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में अधिवक्ता परिषद जालोर द्वारा ‘नागरिक कर्तव्य एवं संविधान में सांस्कृतिक विरासत’ विषय पर गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके बाद शाम 5 बजे भगत सिंह स्टेडियम में क्रीड़ा भारती जालोर की ओर से कुश्ती और रस्साकसी सहित परंपरागत खेल होंगे। कार्यक्रम रिछपाल जी के सानिध्य में आयोजित होगा।
नगर के कार्यक्रमों के बाद लोकमंथन यात्रा शाम 5:30 बजे गोदन गांव पहुंचेगी। यहां ग्राम-दर्शन के साथ मंगल संवाद एवं रंगमंचीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यात्रा में सम्मिलित सदस्य स्थानीय परिवारों के साथ भोजन करेंगे तथा गांव में ही रात्रि विश्राम करेंगे।

