प्रादेशिक समाचार

राजस्थान में पंचायत चुनाव का बिगुल आज: 4 चरणों में हो सकता है मतदान, लागू होगी आचार संहिता

प्रकाशित: 3 October 2026, 8:54 am

राजस्थान में बहुप्रतीक्षित पंचायतीराज चुनावों का आज शंखनाद होने जा रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग आज दोपहर 3 बजे चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करेगा, जिसके साथ ही ग्रामीण इलाकों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी और तबादलों पर रोक लग जाएगी।

उम्मीद जताई जा रही है कि चुनाव प्रक्रिया 15 नवंबर तक संपन्न हो जाएगी और मतदान 4 चरणों में करवाया जा सकता है। इस बार के चुनावों में पंच और सरपंच पद के चुनाव बिना पार्टी सिंबल के मतपत्रों के जरिए होंगे, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव पार्टी सिंबल पर ईवीएम (EVM) के माध्यम से कराए जाएंगे।

इन चुनावों में करीब 4.03 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव में 1.69 लाख से अधिक पंचायत प्रतिनिधियों का चुनाव होना है, जिनमें महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण लागू रहेगा। सरपंच सहित पंचायती राज संस्थाओं के तीनों स्तरों के लिए हर मतदाता को कुल 4 वोट डालने होंगे। ये चुनाव सत्ताधारी दल और विपक्ष दोनों के लिए एक बड़ी राजनीतिक परीक्षा माने जा रहे हैं, जिसमें प्रमुख पार्टियों के साथ अन्य छोटे दल भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं।8